थत्यूड़ व्यापार मंडल की नवीन कार्यकारिणी का गठन, सुनील भट्ट बने अध्यक्ष
सर्वसम्मति से चुने गए पदाधिकारी, राकेश सजवाण को महामंत्री और अभिषेक बडियारी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी

थत्यूड़। जौनपुर विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ बाजार में रविवार को व्यापार मंडल की नवीन कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। व्यापार मंडल के वरिष्ठ व्यापारियों की बैठक में आपसी सहमति से चुनाव न कराने का निर्णय लिया गया। इसके बाद सर्वसम्मति से सुनील भट्ट को व्यापार मंडल अध्यक्ष, राकेश सजवाण को महामंत्री और अभिषेक बडियारी को कोषाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को चुनाव प्रभारी संसार सिंह राणा, सह चुनाव प्रभारी दीपक सजवाण तथा जिला उद्योग व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष महावीर सिंह सजवाण ने प्रमाण पत्र प्रदान कर निर्वाचित घोषित किया।
इस अवसर पर चुनाव प्रभारी संसार सिंह राणा ने कहा कि व्यापारियों की भूमिका केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा के साथ राष्ट्र सेवा में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का संगठन देश के बड़े संगठनों में शामिल है। उन्होंने सभी व्यापारियों से व्यापारी हितों के साथ-साथ सामाजिक और राष्ट्रीय हितों के लिए भी एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
नवीन कार्यकारिणी के गठन के बाद व्यापारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। उपस्थित व्यापारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए व्यापार मंडल को मजबूत बनाने और व्यापारी हितों के लिए बेहतर कार्य करने की अपेक्षा जताई।
इस दौरान व्यापार मंडल संरक्षक जयवीर सिंह गुसाईं, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष अकबीर पंवार, व्यापारी जगत सिंह असवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।



