उत्तराखंड

दून विश्वविद्यालय में सीएम धामी का युवाओं से संवाद, बोले- बदलती तकनीक के साथ ‘फ्यूचर रेडी’ बनें युवा

पलायन, रोजगार, एआई और उच्च शिक्षा से लेकर देहरादून के ट्रैफिक जाम तक युवाओं ने पूछे सवाल; सीएम ने गिनाईं सरकार की योजनाएं और भविष्य की तैयारियां

देहरादून। दून विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर उनके सवालों के जवाब दिए। युवाओं ने पलायन, रोजगार, उच्च शिक्षा, विज्ञान एवं तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दौर में रोजगार की संभावनाओं और देहरादून की यातायात व्यवस्था जैसे मुद्दे मुख्यमंत्री के सामने रखे। मुख्यमंत्री ने युवाओं से बदलती तकनीक के अनुरूप अपने कौशल को लगातार विकसित करने और ‘फ्यूचर रेडी’ बनने का आह्वान किया।

पलायन रोकने पर सरकार का फोकस

पलायन रोकने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में अब रिवर्स माइग्रेशन की प्रक्रिया गति पकड़ रही है। सरकार मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और सौर स्वरोजगार योजना के साथ ही पर्यटन, उद्योग और फिल्म नीति के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर तैयार कर रही है।

उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को मजबूत कर स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढ़ाने पर भी सरकार लगातार काम कर रही है। युवाओं को अपने ही प्रदेश में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उत्तराखंड बनेगा उच्च शिक्षा और विज्ञान का केंद्र

उच्च शिक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उच्च शिक्षण संस्थानों के आधुनिकीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है। इससे प्रदेश में विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे तथा युवाओं को आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों से जुड़ने का मौका मिलेगा।

एआई के दौर में युवाओं को बदलनी होगी सोच

विज्ञान, तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीकी बदलावों के साथ रोजगार का स्वरूप भी तेजी से बदल रहा है। एक ओर कुछ पारंपरिक कार्यों में बदलाव आ रहा है तो दूसरी ओर नई तकनीकों से रोजगार की नई संभावनाएं भी पैदा हो रही हैं।

उन्होंने युवाओं से कहा कि वे केवल वर्तमान रोजगार की जरूरतों तक सीमित न रहें, बल्कि भविष्य की तकनीकों को समझें और उसी के अनुरूप अपने कौशल को विकसित करें। बदलती तकनीक के दौर में युवाओं का ‘फ्यूचर रेडी’ होना बेहद जरूरी है।

बिंदाल और रिस्पना पर एलिवेटेड रोड से मिलेगी जाम से राहत

देहरादून में लगातार बढ़ती यातायात जाम की समस्या पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इसके स्थायी समाधान की दिशा में गंभीरता से काम कर रही है। बिंदाल और रिस्पना नदी के ऊपर एलिवेटेड रोड के निर्माण की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद देहरादून शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम की समस्या से राहत दिलाने में मदद मिलेगी।

दून विश्वविद्यालय में हुए इस संवाद के दौरान युवाओं ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर मुख्यमंत्री से सवाल पूछे और प्रदेश के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!