भारत माता के जयकारों से गूंजा थत्यूड़, तिरंगा यात्रा में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब
जौनपुर मंडल में निकली तिरंगा यात्रा, हाथों में तिरंगा लेकर कार्यकर्ताओं ने लगाए भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष

थत्यूड़। देशभक्ति के जोश और भारत माता की जय के उद्घोष से गुरुवार को विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ का मुख्य बाजार गूंज उठा। भाजपा जौनपुर मंडल के नेतृत्व में आयोजित तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा थामे कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के जयघोष के साथ पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
तिरंगा यात्रा मुख्य बाजार से शुरू होकर शिव मंदिर मार्केट होते हुए मुख्य चौक तक पहुंची। यात्रा के दौरान जगह-जगह देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। तिरंगे के साथ लगाए जा रहे राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण पूरी तरह देशप्रेम से ओतप्रोत नजर आया।
भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल ने बताया कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर नौ से 14 अगस्त तक तिरंगा यात्रा के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जौनपुर मंडल में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई। उन्होंने कहा कि यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेंद्र कोहली ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र के प्रति समर्पण और देशभक्ति की भावना को गांव-गांव और गली-गली तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर चल रहे ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत जौनपुर विकासखंड में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में राष्ट्रप्रेमी नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
तिरंगा यात्रा में भाजपा मंडल महामंत्री अकबीर पंवार, विनीता रावत, भोला सिंह परमार, पृथ्वी रावत, खेमराज भट्ट, जयपाल कैरवाण, सोबत सिंह रावत, दीपेंद्र रावत, जयप्रकाश नौटियाल, अजय पंवार, सुरेश, विनोद राणा, ओमप्रकाश गौड़, सरस्वती रावत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



