विश्व पर्यावरण दिवस पर सकलाना में देवदार रोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
समाजसेवी अनिल हटवाल बोले- हर व्यक्ति लगाए एक वृक्ष, आने वाली पीढ़ियों को दें स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण

थत्यूड़/टिहरी । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत हटवाल गांव स्थित नागराजा मंदिर सैण परिसर में देवदार के पौधों का वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने पौधों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में समाजसेवी अनिल हटवाल ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण मानव जीवन की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक वृक्ष लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण को शुद्ध रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य की नींव भी तैयार करते हैं।
उन्होंने कहा कि हर वर्ष 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों को प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है। यदि आज हम पर्यावरण संरक्षण के लिए गंभीर प्रयास नहीं करेंगे तो भविष्य में इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। इसलिए “पेड़ लगाओ-जीवन बचाओ” और “पर्यावरण बचाओ-भविष्य बचाओ” का संदेश जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में कुलवीर सिंह, सुरेंद्र सिंह, समीर, दीपक, गौरव, सौरभ, वरुण सहित कई ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।



