थत्यूड

थौलधार को मिली बड़ी सौगात: कमांद-थौलधार मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण को 3.52 करोड़ की मंजूरी

5.41 किमी सड़क का होगा पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण, 31 मार्च 2027 तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य; हजारों ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। विकासखंड थौलधार के लोगों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित खुशखबरी सामने आई है। उत्तराखंड सरकार ने कमांद-थौलधार मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण कार्य के लिए 3 करोड़ 52 लाख 12 हजार रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस महत्वपूर्ण निर्णय से क्षेत्र की वर्षों पुरानी सड़क समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।

 

लोक निर्माण विभाग द्वारा कमांद से थौलधार तक 5.410 किलोमीटर लंबी सड़क का पुनर्निर्माण और सुधारीकरण किया जाएगा। परियोजना की कुल अनुमानित लागत 4 करोड़ 40 लाख 22 हजार रुपये निर्धारित की गई है, जबकि प्रथम चरण में 3.52 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

 

क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पवार ने इस स्वीकृति पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सड़क के सुधारीकरण से क्षेत्र के हजारों लोगों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।

 

उत्तराखंड शासन के लोक निर्माण अनुभाग-2 द्वारा जारी शासनादेश में विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी तकनीकी एवं प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी की जाएं। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के माध्यम से नियमित निगरानी भी की जाएगी।

 

कमांद-थौलधार मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। सड़क की खराब स्थिति के कारण लंबे समय से स्थानीय लोगों, छात्रों, व्यापारियों और यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। अब इस मार्ग के पुनर्निर्माण से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने के साथ-साथ लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

 

शासन ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और समय सीमा के भीतर पूरा किया जाएगा। यदि कार्यदायी संस्था तय समय पर कार्य पूरा करने में असफल रहती है तो नियमानुसार अन्य एजेंसी के माध्यम से कार्य पूर्ण कराया जा सकेगा।

 

शासनादेश के अनुसार स्वीकृत धनराशि का व्यय वित्तीय वर्ष 2026-27 में किया जाएगा तथा निर्माण कार्य को 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह आदेश उत्तराखंड शासन के अपर सचिव महावीर सिंह चौहान द्वारा जारी किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!