थत्यूड़ में तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर संपन्न, 766 मरीजों को मिला इलाज; अब हर महीने लगेगा निशुल्क नेत्र शिविर
16 से 18 जुलाई तक चले शिविर में 435 महिलाओं और 331 पुरुषों की हुई जांच, 112 पैथोलॉजी टेस्ट, 33 आयुष्मान कार्ड और 160 ABHA आईडी भी बनीं। अगले महीने फिर लगेगा विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर।

रिपोर्ट –मुकेश रावत
थत्यूड़ (टिहरी): प्रदेश सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान’ के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थत्यूड़ में आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का शनिवार को सफल समापन हो गया। 16 से 18 जुलाई तक चले शिविर में कुल 766 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इनमें 435 महिलाएं और 331 पुरुष शामिल रहे।
शिविर में सामान्य चिकित्सा, स्त्री एवं प्रसूति रोग, दंत रोग, हड्डी रोग, नेत्र रोग, ईएनटी तथा बाल रोग विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच कर उपचार किया। दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे लोगों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिलने से काफी राहत मिली।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनीषा भारती ने बताया कि शिविर के दौरान 112 मरीजों की पैथोलॉजी जांच, 15 दिव्यांग प्रमाणपत्र, 33 आयुष्मान भारत कार्ड तथा 160 आभा (ABHA) आईडी बनाई गईं। उन्होंने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंदन मिश्रा के निर्देशन में अगले महीने भी तीन दिवसीय निशुल्क विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अब प्रत्येक माह के प्रथम शनिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक सीएचसी थत्यूड़ में राही नेत्र धाम सुपर स्पेशलिटी नेत्र अस्पताल, देहरादून के सहयोग से निशुल्क नेत्र रोग शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में रेटिना (पर्दे) की बीमारी, आंखों की नसों से संबंधित रोग, जन्मजात नेत्र विकार सहित गंभीर नेत्र रोगों की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं, ताकि गंभीर बीमारियों का समय रहते उपचार सुनिश्चित हो सके।



