वर्षों का इंतजार खत्म होगा? जयद्वार–तल्ला–सुरांस खर्क मोटर मार्ग की मांग ने पकड़ा जोर, विधायक से लगाई विकास की गुहार
जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह रावत के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन, बोले– सड़क बनेगी तो बदलेगी पूरे क्षेत्र की तस्वीर; विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने दिया जल्द कार्रवाई का भरोसा

रिपोर्ट -मुकेश रावत
नैनबाग (टिहरी)। विकास की राह देख रहे जयद्वार–तल्ला–सुरांस खर्क क्षेत्र के लोगों ने अब अपनी वर्षों पुरानी सड़क की मांग को तेज कर दिया है। सरतली वार्ड के जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह रावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार को ज्ञापन सौंपते हुए मोटर मार्ग के निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से प्रस्तावित यह मोटर मार्ग आज भी सिर्फ फाइलों तक सीमित है। सड़क के अभाव में विद्यार्थियों, महिलाओं, किसानों और बुजुर्गों को रोजाना कठिन रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है। शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और बाजार तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना उनकी मजबूरी बनी हुई है।
जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह रावत ने कहा कि यह सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास की आधारशिला है। मोटर मार्ग बनने से दर्जनों गांवों को सीधा सड़क संपर्क मिलेगा, किसानों और बागवानों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी तथा पर्यटन को भी नई पहचान मिलेगी। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और पलायन पर भी प्रभावी रोक लगेगी।
ग्रामीणों ने विधायक से मांग की कि जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जयद्वार–तल्ला–सुरांस खर्क मोटर मार्ग को जल्द प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए।
इस पर विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सड़क निर्माण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान पूर्व प्रधान जयपाल सिंह रावत, सरदार सिंह रावत, नरेंद्र पंवार, श्याम सिंह, शमशेर सिंह, शूरवीर सिंह, महावीर सिंह, पुलम सिंह, सूरजपाल, सूरज रावत, बबलू, जगदीश लाल, भगत लाल, सोबन, सुरेश, अरविंद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



