रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस को मिली हरी झंडी, कुमाऊं–गढ़वाल की दूरी होगी कम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया वर्चुअल फ्लैग ऑफ, फिलहाल सप्ताह में दो दिन चलेगी ट्रेन; यात्रियों की संख्या बढ़ी तो होगी दैनिक सेवा

देहरादून। उत्तराखंड को शनिवार को बड़ी रेल सौगात मिली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर नियमित संचालन का शुभारंभ किया। फिलहाल यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी। रेल मंत्री ने कहा कि यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो इसे प्रतिदिन संचालित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह रेल सेवा केवल एक नई ट्रेन नहीं, बल्कि कुमाऊं और गढ़वाल के बीच विकास, संपर्क और रोजगार की नई जीवनरेखा साबित होगी। उन्होंने कहा कि ट्रेन के संचालन से यात्रियों, छात्रों, कर्मचारियों, व्यापारियों और पर्यटकों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
यह ट्रेन रामनगर, काशीपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए देहरादून पहुंचेगी, जिससे उत्तराखंड के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश की रेल कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में रेलवे नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना अंतिम चरण में है, जबकि राज्य को वर्ष 2026-27 में रेलवे विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का बजट मिला है। वर्तमान में करीब 39 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर कार्य जारी है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तराखंड को कई नई रेल सेवाओं की सौगात मिली है और प्रदेश के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस कुमाऊं और गढ़वाल के बीच मजबूत सेतु का कार्य करेगी।
कार्यक्रम में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, अरविंद पांडे सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे।



