जौनपुर रेंज में 500 पौधों से हरियाली का संकल्प, खेमड़ू तोक में चला वृहद वृक्षारोपण अभियान
मसूरी वन प्रभाग ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता बचाने का दिया संदेश

रिपोर्ट –मुकेश रावत
थत्यूड़(टिहरी)। मसूरी वन प्रभाग की जौनपुर रेंज के अंतर्गत कांडा बीट के खेमड़ू तोक में रविवार को वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के 500 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और जैव विविधता के संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर पौधरोपण किया। इस दौरान सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया। ग्रामीणों को बताया गया कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
लतिका उनियाल वन क्षेत्राधिकारी ने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान पूरे क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप पौधों का चयन कर रोपण किया जा रहा है तथा उनकी सुरक्षा और देखभाल की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधान श्याम सिंह असवाल, गुलाब सिंह असवाल, सुरेन्द्र रावत, राजेन्द्र रावत, सुरेन्द्र पंवार, राजेश रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वन विभाग की ओर से वन दरोगा सुरेश कुमार, मंजीव, गोविंद सिंह पंवार, राजेश सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



