रेड अलर्ट का असर: टिहरी में कल बंद रहेंगे सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र
20 जुलाई के लिए मौसम विभाग की चेतावनी के बाद डीएम का आदेश, कक्षा 1 से 12 तक सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में रहेगा अवकाश

टिहरी गढ़वाल। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 20 जुलाई के लिए जारी रेड अलर्ट को देखते हुए टिहरी जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष नितिका खण्डेलवाल ने जनपद के सभी सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में सोमवार, 20 जुलाई को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी शैक्षणिक संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्र पूरे दिन बंद रहेंगे। जिलाधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधनों और प्रधानाचार्यों को आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी विद्यालय ने आदेश की अनदेखी की और किसी प्रकार की अप्रिय घटना होती है तो संबंधित प्रधानाचार्य अथवा प्रबंधक के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि रेड अलर्ट के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।



