स्थानांतरण पर भावुक हुए शिक्षक, विद्यार्थियों ने दी भावभीनी विदाई
राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में आयोजित हुआ सम्मान समारोह, स्मृति चिन्ह भेंट कर किया सम्मानित

रिपोर्ट –मुकेश रावत
थत्यूड़ (टिहरी)। राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ के सभागार में बुधवार को स्थानांतरित हुए प्रभारी प्राचार्य सहित आठ शिक्षकों के सम्मान में भावपूर्ण विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों और विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए उनके योगदान को याद किया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी प्राचार्य डॉ. अखिल गुप्ता ने कहा कि महाविद्यालय के सभी शिक्षकों ने शिक्षण, शोध एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान देकर संस्थान की गरिमा को बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि स्थानांतरित होने वाले सभी शिक्षक अपने नए संस्थानों में भी इसी समर्पण और उत्कृष्टता के साथ कार्य करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत गढ़वाली, हिंदी एवं भोजपुरी गीतों ने समूचे वातावरण को भावुक और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का भरपूर मनोरंजन किया और समारोह को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर छात्रसंघ एवं महाविद्यालय प्रशासन की ओर से स्थानांतरित शिक्षकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विदाई लेने वाले शिक्षकों में डॉ. विजेंद्र लिंगवाल, डॉ. राजेश सिंह, डॉ. संदीप कश्यप, डॉ. संगीता कैंतुरा, डॉ. संगीता सिदोला, डॉ. नीलम प्रहरी, डॉ. कंचन सिंह तथा युद्धवीर सिंह शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. शीला बिष्ट ने किया। समारोह में डॉ. रवि चंद्रा, डॉ. बिट्टू सिंह, डॉ. गुलनाज फातिमा, डॉ. आंचल नौटियाल, छात्रसंघ अध्यक्ष धीरज रावत, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष शुभम सजवाण, सूरज रावत, रचना परमार सहित महाविद्यालय परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।



