शराब के नशे में चला रहा था पिकअप, सामने से आ रही कार को मारी टक्कर; चालक गिरफ्तार
बछेलीखाल में दो वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत, एल्कोमीटर जांच में नशे की पुष्टि; पुलिस ने वाहन सीज कर की कार्रवाई

बछेलीखाल (टिहरी गढ़वाल)। सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए शराब के नशे में वाहन चला रहे चालक को गिरफ्तार कर उसका वाहन सीज कर दिया। चालक की लापरवाही के कारण महिंद्रा पिकअप और स्विफ्ट कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को बछेलीखाल क्षेत्र स्थित एक होटल के सामने दो वाहनों की टक्कर की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में पता चला कि महिंद्रा पिकअप चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिससे सामने से आ रही स्विफ्ट कार उसकी चपेट में आ गई।
पुलिस ने मौके पर चालक की एल्कोमीटर से जांच कराई, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं। नशे में ड्राइविंग न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।



