आयुष चिकित्सकों की हड़ताल खत्म, सरकार ने मानी कई मांगें; योग दिवस को सफल बनाने का लिया संकल्प
आयुष मंत्री मदन कौशिक ने विभागीय अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

देहरादून। प्रदेश के आयुष मंत्री मदन कौशिक ने विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर राजकीय आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सा सेवा संघ उत्तराखण्ड की विभिन्न मांगों पर चर्चा की। बैठक में संघ द्वारा उठाई गई सात प्रमुख मांगों पर सकारात्मक सहमति बनी, जिसके बाद संघ ने अपनी हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी।
आयुष मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि सरकार चिकित्सकों की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर है। उन्होंने बताया कि चिकित्सा संवर्ग के लिए विभागीय अपर निदेशक पद पर पदोन्नति की मांग पर निर्णय लेते हुए डेढ़ माह के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया है। वहीं, वार्षिक गोपनीय प्रविष्टियों (एसीआर) के लंबित मामलों को एक माह के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में विभागीय ढांचे के पुनर्गठन तथा पदोन्नति के अवसर बढ़ाने संबंधी मांगों पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को इन मामलों में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मोबाइल ऐप आधारित उपस्थिति और आधार आधारित बायोमैट्रिक व्यवस्था से उत्पन्न समस्याओं के समाधान के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मदन कौशिक ने कहा कि संघ द्वारा सरकार के सकारात्मक रुख पर संतोष व्यक्त करते हुए हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। राजकीय आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सा सेवा संघ ने भी योग दिवस को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग और प्रतिबद्धता जताई है।
बैठक में सचिव रंजना राजगुरू, अपर सचिव विजय कुमार जोगदण्डे, राजकीय आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सा सेवा संघ उत्तराखण्ड के पदाधिकारी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



