थत्यूड

गड्ढों में तब्दील हुआ थत्यूड़–अग्यारना मोटर मार्ग, बरसात में बढ़ा हादसों का खतरा

थापला, काफूल्टा, अग्यारना समेत दर्जनों गांवों की लाइफलाइन सड़क बदहाल; ग्रामीणों ने डामरीकरण व तत्काल मरम्मत की उठाई मांग, विभाग ने दोबारा भेजा प्रस्ताव

रिपोर्ट — मुकेश रावत 

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। जौनपुर विकासखंड के अंतर्गत थत्यूड़–कैम्पटी को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण थत्यूड़–अग्यारना मोटर मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और उखड़ चुकी डामर की परत ने इस मार्ग पर सफर को बेहद कठिन और जोखिम भरा बना दिया है। लगातार हो रही बारिश से गड्ढों में पानी भर जाने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ गया है।

यह सड़क थापला, काफूल्टा, अग्यारना सहित दर्जनों गांवों के हजारों लोगों की आवाजाही का प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन स्कूली छात्र-छात्राएं, व्यापारी, और ग्रामीण इसी मार्ग से विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ की ओर आवागमन करते हैं। खराब सड़क के कारण वाहन चालकों को झटकों के साथ जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है, जबकि पैदल चलने वाले भी परेशान हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि यदि जल्द डामरीकरण और मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ तो बरसात के दौरान किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्राम प्रधान मोनिका नकोटी, प्रमिला, संजय पड़ियार व्यापारी कृपाल सिंह रावत, जगत असवाल, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष जयप्रकाश नौटियाल, अरविंद नौटियाल समेत अन्य ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत और डामरीकरण कराने की मांग की है।

वहीं, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता नवीन शर्मा ने बताया कि सड़क के वन टाइम मेंटेनेंस का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, लेकिन स्वीकृति नहीं मिल सकी। अब प्रस्ताव दोबारा भेज दिया गया है। शासन से मंजूरी मिलते ही सड़क सुधार का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!