टिहरी से सोमनाथ के लिए 40 श्रद्धालुओं का दल रवाना, डीएम नितिका खण्डेलवाल ने दिखाई हरी झंडी
जिला प्रशासन की निःशुल्क पहल, सात दिवसीय यात्रा में 21 पुरुष और 19 महिलाएं लेंगी हिस्सा, युवा कल्याण विभाग कर रहा संचालन

टिहरी गढ़वाल। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर टिहरी गढ़वाल से 40 सदस्यीय श्रद्धालुओं का दल सोमवार को सात दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा के लिए गुजरात स्थित सोमनाथ रवाना हुआ। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा दल को शुभकामनाओं के साथ रवाना किया।
इस यात्रा में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित 21 पुरुष एवं 19 महिलाएं शामिल हैं। सभी प्रतिभागी हर्रावाला (देहरादून) से ट्रेन के माध्यम से सोमनाथ के लिए प्रस्थान करेंगे।
जिला प्रशासन की ओर से यह यात्रा पूरी तरह निःशुल्क कराई जा रही है, जिसका संचालन जिला युवा कल्याण विभाग के माध्यम से किया जा रहा है। यात्रा का उद्देश्य प्रतिभागियों को सोमनाथ के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व से परिचित कराना तथा राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विरासत और भारतीय परंपराओं के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी रविन्द्र सिंह फोनिया, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी तथा यात्रा दल के सदस्य मौजूद रहे।



