थत्यूड

राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ को मिला नया नेतृत्व, प्राचार्य समेत सात प्राध्यापकों का भव्य स्वागत

नवाचार, शोध, डिजिटल शिक्षा और कौशल विकास पर रहेगा विशेष फोकस, प्राचार्य आदित्य कुमार मौर्य बोले—पर्वतीय युवाओं की प्रतिभा को मिलेगी नई उड़ान

रिपोर्ट –मुकेश रावत 

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में सोमवार को शैक्षणिक ऊर्जा और नई उम्मीदों का माहौल देखने को मिला। महाविद्यालय में नवनियुक्त प्राचार्य आदित्य कुमार मौर्य एवं सात विभिन्न विषयों के नवागत प्राध्यापकों का गरिमामय स्वागत समारोह आयोजित किया गया। महाविद्यालय परिवार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सभी का आत्मीय स्वागत करते हुए उनके सफल, प्रेरणादायी और छात्र हितैषी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने विश्वास जताया कि नए नेतृत्व के अनुभव, दूरदर्शिता और शैक्षणिक सोच से महाविद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयां मिलेंगी। साथ ही शोध, नवाचार, डिजिटल शिक्षण, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और अनुशासित शैक्षणिक वातावरण को भी मजबूती मिलेगी।

नवनियुक्त प्राचार्य आदित्य कुमार मौर्य ने स्वागत के लिए महाविद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल सही मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सहयोग से टीम भावना के साथ राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ को उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के अनुरूप महाविद्यालय में नवाचार, शोध, डिजिटल लर्निंग, कौशल विकास, रोजगारोन्मुखी गतिविधियों और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। उद्देश्य ऐसा सकारात्मक एवं प्रेरणादायी शैक्षणिक माहौल तैयार करना है, जिससे दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध हो सके और उनके बेहतर भविष्य की मजबूत नींव रखी जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!