जौनपुर ब्लाक के दूरस्थ गांव मराड में पहुंची पुलिस, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
जल संकट, पेंशन, वेतन और अवैध कटान का मुद्दा उठा; थाना दिवस में पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

थत्यूड़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देश पर थाना थत्यूड़ पुलिस ने बुधवार को जौनपुर क्षेत्र के दूरस्थ ग्राम मराड (मोरियाना टोप) में थाना दिवस आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर जनजागरूकता अभियान चलाया।
करीब 28 किलोमीटर दूर स्थित गांव में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्राम प्रधानों, सीएलजी सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों सहित लगभग 35 लोगों ने प्रतिभाग किया। ग्रामीणों ने जल संकट, पेंशन, वेतन भुगतान, अवैध लकड़ी कटान और सड़क सुरक्षा जैसी समस्याएं पुलिस और प्रशासन के सामने रखीं।
ग्राम प्रधान रायपाल सिंह ने गर्मियों में पेयजल संकट की गंभीर समस्या उठाई, जबकि चंदर सिंह ने वन विभाग में चौकीदार पद पर कार्यरत होने के बावजूद वर्ष 2025 का वेतन नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं कमल सिंह ने वृद्धावस्था पेंशन कई महीनों से बंद होने की बात कही।
गोष्ठी में ग्रामीणों ने गांव के आसपास बाहरी लोगों और कुछ रेस्टोरेंट संचालकों द्वारा सूखी और हरी लकड़ियों के अवैध कटान पर भी चिंता जताई। बरसात में सड़क का पानी मकानों में घुसने की आशंका को लेकर सड़क किनारे नाली निर्माण की मांग भी उठाई गई।
ग्रामीणों ने पंचायत क्षेत्र में शराब और नशीले पदार्थों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए नशा मुक्त अभियान को तेज करने की अपील की।
थानाध्यक्ष महावीर सिंह रावत ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। साथ ही गांव स्तर पर नशा मुक्ति और जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
इस दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों को साइबर अपराध, ऑनलाइन फ्रॉड, एटीएम धोखाधड़ी, सीनियर सिटीजन सुरक्षा और उत्तराखंड पुलिस ऐप व गौरा शक्ति ऐप के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुलिस ने बाहरी व्यक्तियों और फड़-फेरी करने वालों का सत्यापन कराने तथा चारधाम यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की।
थाना दिवस में शामिल पुलिस टीम मे थानाध्यक्ष महावीर सिंह रावत, उपनिरीक्षक प्रकाश सिंह जीना, कांस्टेबल नरेश तोमर, महिला कांस्टेबल सोनम, होमगार्ड हरीश रावत उपस्थित रहे।



