पिथौरागढ़ को CM धामी की बड़ी सौगात, 284 करोड़ की 67 विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
सीमांत जनपद के विकास को मिलेगी रफ्तार, स्वास्थ्य, सड़क और शिक्षा पर जोर; डीडीहाट में उप जिला चिकित्सालय और मूनाकोट में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना की घोषणा

पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पिथौरागढ़ में आयोजित कार्यक्रम में जनपदवासियों को 284 करोड़ रुपये से अधिक की 67 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 105.30 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 33 योजनाओं का लोकार्पण और 178.76 करोड़ रुपये की लागत वाली 34 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान जिले के विकास से जुड़ी नौ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इसके साथ ही उद्योग, कृषि, उद्यान, पशुपालन और मत्स्य विभाग की स्वरोजगारपरक योजनाओं के लाभार्थियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि के चेक वितरित किए गए।
सीमांत क्षेत्र के विकास और रोजगार पर सरकार का फोकस
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। विकास योजनाओं से सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक पहुंचे।
आदि कैलाश यात्रा से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश भ्रमण के बाद इस क्षेत्र के प्रति श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है। इस वर्ष यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख से अधिक पहुंचने की संभावना है। इससे होमस्टे, परिवहन, स्थानीय उत्पादों और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से गुंजी और आदि कैलाश की यात्रा पहले की अपेक्षा अधिक सुगम हुई है।
750 करोड़ से अधिक की लागत से बन रहा मेडिकल कॉलेज
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिथौरागढ़ में 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किए जा रहे मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इससे सीमांत जनपद के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़-बांस-आंवलाघाट सड़क और पुल के निर्माण से गंगोलीहाट की दूरी कम होगी तथा हाट कालिका मंदिर तक पहुंचना आसान होगा।
नैनीसैनी हवाई अड्डे के विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिथौरागढ़ से मुनस्यारी, हल्द्वानी, दिल्ली और देहरादून तक हवाई संपर्क को बढ़ावा दिया जा रहा है। नैनीसैनी हवाई अड्डे को लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे सीमांत क्षेत्र में आवागमन और पर्यटन को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
भर्ती व्यवस्था, महिला सशक्तीकरण और कानून व्यवस्था पर कही बात
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि नकल विरोधी कानून के तहत कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है और प्रदेश में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
उन्होंने महिला सशक्तीकरण के लिए लखपति दीदी सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। साथ ही समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून, दंगा विरोधी कानून और ऑपरेशन कालनेमि के तहत की जा रही कार्रवाई को भी राज्यहित में उठाए गए कदम बताया।
मुख्यमंत्री की नौ प्रमुख घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ जनपद के विकास के लिए निम्नलिखित घोषणाएं कीं:
- नैनीसैनी देवत से कनारी पाभैं तक मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरीकरण किया जाएगा।
- कैलीगाड़ पुल से बेस अस्पताल तक सड़क का सुधारीकरण और हॉटमिक्स कार्य कराया जाएगा।
- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत किया जाएगा।
- अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र मवानी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उच्चीकृत किया जाएगा।
- मूनाकोट (रियांसी) में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की जाएगी।
- अस्कोट लिफ्ट पेयजल योजना का कार्य किया जाएगा।
- ज्याला मंदिर, छाना पाण्डेय में सीसी मार्ग का निर्माण कराया जाएगा।
- ग्राम चिमुशी में गाड़ देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
- चण्डाक-छेड़ा दिगतोली सड़क का सुधारीकरण एवं चौड़ीकरण किया जाएगा।
नेत्र चिकित्सालय में ऑप्टिकल बायोमीटर का शुभारंभ
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने सीमांत सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित सीमांत नेत्र चिकित्सालय में ऑप्टिकल बायोमीटर का शुभारंभ किया। इससे मरीजों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने मुख्यमंत्री को हस्तशिल्प से निर्मित ‘सत्यमेव जयते’ की कलाकृति और बाबा नीम करौली की तस्वीर भेंट की। मुख्यमंत्री ने जनसमूह के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी सुना।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, विधायक गंगोलीहाट फकीर राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, महापौर कल्पना देवलाल, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी एवं हेमराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज, जौलजीबी मेले और आठगांव शिलिंग मेले की शुभकामनाएं भी दीं।



