उत्तराखंड ताज़ा

बेंगलुरु तक पहुंचा टिहरी पुलिस का शिकंजा, हजारों किलोमीटर दूर से 420 का वांछित आरोपी गिरफ्तार

एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में 'ऑपरेशन प्रहार' को बड़ी सफलता, एक सप्ताह तक बेंगलुरु में डेरा डालकर देवप्रयाग पुलिस ने दबोचा फरार आरोपी

टिहरी। अपराध कर राज्य बदल लेना अब अपराधियों के लिए सुरक्षित विकल्प नहीं रह गया है। टिहरी पुलिस ने इसे एक बार फिर साबित कर दिखाया है। हजारों किलोमीटर दूर बेंगलुरु में पहचान छिपाकर रह रहे धोखाधड़ी के वांछित आरोपी को देवप्रयाग पुलिस ने फिल्मी अंदाज में गिरफ्तार कर लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत यह बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद देवप्रयाग पुलिस की टीम पूरे एक सप्ताह तक बेंगलुरु में डेरा डालकर उसकी गतिविधियों पर नजर रखती रही।

जैसे ही आरोपी की सटीक लोकेशन मिली, थाना कोरमंगला क्षेत्र स्थित बीडीए कॉम्प्लेक्स के पास दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2025 में धोखाधड़ी और गाली-गलौज का मुकदमा दर्ज था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

गिरफ्तारी के बाद ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को टिहरी लाया गया, जहां न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

एसएसपी श्वेता चौबे ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराधी चाहे देश के किसी भी कोने में क्यों न छिप जाए, टिहरी पुलिस उसे कानून के शिकंजे तक जरूर पहुंचाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!