मसूरी में अवैध निर्माणों पर एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई, सुवाखोली और पिक्चर पैलेस मार्ग पर दो भवन सील
स्वीकृत मानचित्र के विपरीत और बिना अनुमति निर्माण पर चला प्राधिकरण का डंडा

देहरादून/मसूरी। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और तेज करते हुए बुधवार को मसूरी क्षेत्र में बड़ी प्रवर्तन कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने सुवाखोली और किंगरेट पिक्चर पैलेस मार्ग पर स्वीकृत मानचित्र के विपरीत तथा बिना वैधानिक अनुमति किए जा रहे दो भवनों को सील कर दिया।
सबसे पहले एमडीडीए की टीम ने चम्बा-टिहरी मोटर मार्ग स्थित सुवाखोली में विनोद बिष्ट के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। जांच में निर्माण कार्य स्वीकृत मानचित्र के विपरीत पाए जाने पर भवन को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। इसके बाद टीम ने मसूरी के किंगरेट पिक्चर पैलेस मार्ग पर सुसमा जैसवाल द्वारा कराए जा रहे निर्माण का निरीक्षण किया। यहां भी निर्माण कार्य नियमानुसार नहीं मिलने पर भवन को सील कर दिया गया। दोनों स्थानों पर कार्रवाई के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
एमडीडीए अधिकारियों ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जहां भी बिना स्वीकृति निर्माण अथवा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत कार्य होने की सूचना मिल रही है, वहां तत्काल निरीक्षण कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्राधिकरण का उद्देश्य नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ मसूरी जैसे संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्र में सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पर्यावरण-अनुकूल विकास को बढ़ावा देना है।
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। बिना अनुमति या नियमों के विपरीत किए जाने वाले निर्माणों के खिलाफ भविष्य में भी सीलिंग, ध्वस्तीकरण सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने भवन स्वामियों से निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां लेने और स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही निर्माण कराने की अपील की।
प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने भी नागरिकों से भवन निर्माण नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि समय रहते स्वीकृति लेने से अनावश्यक कानूनी कार्रवाई से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि एमडीडीए का प्रवर्तन अभियान आगे भी पूरी सख्ती और पारदर्शिता के साथ जारी रहेगा।



