उत्तराखंड

आंगन मिलन कार्यक्रम में गूंजा सेवा और संकल्प का संदेश

लामकाडे आंगनबाड़ी केंद्र में ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की दी जानकारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री और आशा कार्यकर्ता सम्मानित

रिपोर्ट–मुकेश रावत 

थत्यूड़/सकलाना। जौनपुर विकासखंड के सकलाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत लामकाडे स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण लाभार्थियों को महिला एवं बाल विकास से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही उत्कृष्ट कार्य के लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्री और आशा कार्यकर्ता को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पोषण अभियान, नंदा गौरा देवी योजना, अन्नप्राशन, गोद भराई, महालक्ष्मी किट समेत विभिन्न योजनाओं के उद्देश्य और पात्रता के संबंध में ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सकलाना भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष सरिता रावत ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाना है।

आंगनबाड़ी कार्यकत्री शर्मिला रावत ने ग्रामीणों को अन्नप्राशन, गोद भराई, महालक्ष्मी किट, मातृत्व योजना और पोषण अभियान सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्र लाभार्थियों को जागरूक होना जरूरी है।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान दिनेश रावत, सामाजिक कार्यकर्ता अनिल हटवाल और क्षेत्र पंचायत सदस्य सरोजिनी देवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीण लाभार्थियों ने भी योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में सुनीता रावत, हेमलता, प्रभा देवी, नीलम रावत, काजल रावत, गीता, सविता समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!