किसानों के लिए बड़ी राहत: अब घर बैठे बना सकेंगे फार्मर रजिस्ट्री, CSC जाना जरूरी नहीं
धनोल्टी तहसीलदार मोहम्मद शादाब ने दी जानकारी, ऑनलाइन स्वयं कर सकते हैं पंजीकरण; ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत किसान पंजीकरण पर जोर

रिपोर्ट–मुकेश रावत
थत्यूड़। किसानों के लिए राहत की खबर है। अब फार्मर रजिस्ट्री (Farmer ID) बनाने के लिए किसानों को अनिवार्य रूप से CSC केंद्र जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। किसान अपनी सुविधा के अनुसार घर बैठे स्वयं फार्मर रजिस्ट्री तैयार कर सकते हैं।
धनोल्टी तहसीलदार मोहम्मद शादाब ने जानकारी देते हुए बताया कि किसान स्वयं ऑनलाइन फार्मर रजिस्ट्री बना सकते हैं। वहीं, जो किसान CSC केंद्र के माध्यम से पंजीकरण कराना चाहते हैं, वे नजदीकी CSC केंद्र पर जाकर भी अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
इस लिंक से करें ऑनलाइन पंजीकरण
किसान स्वयं फार्मर रजिस्ट्री बनाने के लिए Farmer Registry पोर्टल पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं।
👉 ऑनलाइन पंजीकरण लिंक:
https://ukfr.agristack.gov.in/
किसानों से अपील की गई है कि पंजीकरण के दौरान आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज सही-सही दर्ज करें।
एक भी किसान न छूटे, 100 प्रतिशत पंजीकरण पर जोर
फार्मर रजिस्ट्री को लेकर ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों और जिला पंचायत सदस्यों से भी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रत्येक किसान का पंजीकरण कराने के लिए जागरूक करने की अपील की गई है। गांवों में मुनादी, व्हाट्सऐप ग्रुप और विशेष शिविरों के माध्यम से किसानों को इसकी जानकारी देने पर जोर दिया गया है।
किसानों को पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, खतौनी/भूमि संबंधी दस्तावेज और आधार से लिंक मोबाइल नंबर तैयार रखने की सलाह दी गई है। किसी भी सहायता के लिए संबंधित न्याय पंचायत के सहायक कृषि अधिकारी अथवा पटवारी/राजस्व उपनिरीक्षक से संपर्क किया जा सकता है।
सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में मिलेगी सुविधा
फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों की डिजिटल पहचान तैयार की जा रही है। किसानों से अपील की गई है कि वे समय रहते अपना पंजीकरण पूरा करें, ताकि पात्रता के अनुसार विभिन्न सरकारी कृषि योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने में उन्हें सुविधा हो।



