धनौल्टी-घनसाली में मतदाता सूची पुनरीक्षण को बड़ी सफलता, सभी गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन 100% पूरा
डीएम नितिका खण्डेलवाल ने अधिकारियों, बीएलओ और कर्मचारियों की सराहना की

टिहरी गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत टिहरी जिले की धनौल्टी और घनसाली विधानसभा क्षेत्रों में प्राप्त सभी गणना प्रपत्रों का 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इससे मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया को महत्वपूर्ण गति मिली है।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि निर्वाचन अधिकारियों, सहायक निर्वाचन अधिकारियों, सुपरवाइजरों, बीएलओ और अन्य कर्मचारियों ने टीम भावना, समर्पण और समयबद्ध कार्यशैली का परिचय देते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य हासिल किया है।
उन्होंने कहा कि एसआईआर-2026 के माध्यम से प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सही ढंग से मतदाता सूची में दर्ज किया जा रहा है, ताकि कोई भी योग्य नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। यह उपलब्धि निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम है।
जिलाधिकारी ने इस अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता और दक्षता के साथ निर्वाचन संबंधी कार्यों के निर्वहन की अपेक्षा जताई।



