थत्यूड

टिहरी पुलिस के शिकंजे में ₹1,500 का इनामी ठग, पंजाब से दबोचा; वाहन खरीद-फरोख्त के नाम पर की थी ₹6.60 लाख की ठगी

एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर थत्यूड़ पुलिस की कार्रवाई, लुधियाना में बदल रहा था ठिकाने; देहरादून में भी दर्ज हैं धोखाधड़ी के मुकदमे

थत्यूड़/टिहरी। वांछित और इनामी अपराधियों के खिलाफ टिहरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। एसएसपी श्वेता चौबे के सख्त निर्देशों के बाद थाना थत्यूड़ पुलिस ने वाहन खरीद-फरोख्त के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले ₹1,500 के इनामी वांछित आरोपित को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के खिलाफ नई टिहरी न्यायालय से गैर जमानती वारंट (NBW) भी जारी था और वह लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित की पहचान आदर्शवीर धवन उर्फ राहुल (40) पुत्र जुगल किशोर, निवासी विवेक विहार, नई बस्ती, थाना राजपुर, देहरादून के रूप में हुई है।

लुधियाना में बदल रहा था ठिकाना, मुखबिर की सूचना पर दबोचा

थाना थत्यूड़ में दर्ज मुकदमे में वांछित आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार सुरागरसी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को उसके पंजाब में छिपे होने की सूचना मिली।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थत्यूड़ पुलिस टीम ने 7 अगस्त 2026 को लक्ष्य CSC सेंटर, जस्सिया रोड, हैबोवाल, जिला लुधियाना में दबिश देकर आरोपित को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

वाहन खरीद-फरोख्त के नाम पर ₹6.60 लाख हड़पने का आरोप

पुलिस के मुताबिक ग्राम रौंतू की बेली निवासी सचवीर सिंह ने आरोपित के खिलाफ वाहन खरीद-फरोख्त के नाम पर ₹6.60 लाख की धोखाधड़ी करने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में थाना थत्यूड़ में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान आरोपित की इसी तरह की अन्य धोखाधड़ी की घटनाओं में संलिप्तता भी सामने आई। पुलिस जांच में थाना राजपुर, देहरादून में भी उसके खिलाफ दो अन्य मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई।

कोर्ट से जारी था NBW, गिरफ्तारी पर था इनाम

पुलिस के अनुसार आरोपित लगातार गिरफ्तारी से बच रहा था और अपना ठिकाना बदलकर फरारी काट रहा था। न्यायालय नई टिहरी द्वारा उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज किए और आखिरकार उसे पंजाब से पकड़ लिया।

एसएसपी के निर्देश पर लगातार कार्रवाई

एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी चंबा के पर्यवेक्षण में थाना थत्यूड़ पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वांछित एवं इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

यह रही पुलिस टीम

उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता

हेड कांस्टेबल 171 चेतन सिंह

हेड कांस्टेबल 145 कुलदीप कुमार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!