स्वतंत्रता दिवस पर टिहरी में होंगे भव्य आयोजन, 13 अगस्त को निकलेगी तिरंगा रैली; 15 को 9:30 बजे होगा ध्वजारोहण
सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने तैयारियों को लेकर दिए समयबद्ध निर्देश, 12 अगस्त को स्वच्छता अभियान और 14 को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाने की तैयारी

नई टिहरी। स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, गरिमापूर्ण और जनसहभागिता के साथ आयोजित करने के लिए टिहरी जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में विकास भवन में आयोजित बैठक में स्वतंत्रता दिवस से जुड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने और आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए।
12 अगस्त को चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
सीडीओ ने निर्देश दिए कि 12 अगस्त को जनपद के प्रमुख स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। इसके लिए उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी और अधिशासी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थान चिन्हित करेंगे। अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने स्वच्छता अभियान से पहले और बाद की तस्वीरें भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा।
13 अगस्त को डाइजर से बौराड़ी तक निकलेगी तिरंगा रैली
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत 13 अगस्त को भव्य तिरंगा रैली निकाली जाएगी। रैली डाइजर से शुरू होकर हनुमान चौक, मुख्य बाजार और साईं चौक होते हुए बौराड़ी पहुंचेगी।
सीडीओ ने पुलिस विभाग को रैली के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को रूट पर एंबुलेंस और मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
14 अगस्त को याद किए जाएंगे विभाजन के शहीद
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस जनसहभागिता के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान विभाजन विभीषिका पर आधारित प्रदर्शनी, दो मिनट का मौन, वृत्तचित्र प्रदर्शन, श्रद्धांजलि और कैंडल मार्च आयोजित किए जाएंगे।
विद्यालयों और महाविद्यालयों में भाषण, निबंध, वाद-विवाद और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी होंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
शहीद स्मारक की होगी विशेष सफाई, शहर रोशनी से जगमगाएगा
सीडीओ ने नगर पालिका को शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के साथ शहीद स्मारक की साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर शहर में स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था सहित सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित एवं आकर्षक नजर आनी चाहिए।
14 और 15 अगस्त को सरकारी एवं गैर-सरकारी भवनों को एलईडी लाइटों से सजाने के निर्देश भी दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस दौरान ब्लड डोनेशन कैंप भी आयोजित किया जाएगा।
15 अगस्त को 9 बजे सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि 15 अगस्त को सभी राजकीय कार्यालयों में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। वहीं मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह प्रताप इंटर कॉलेज में सुबह 9:30 बजे आयोजित होगा, जहां मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा।
‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत होगा पौधरोपण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चयनित स्थानों और अमृत सरोवरों में पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत भी व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कराया जाएगा।
मुख्य कार्यक्रम स्थल और तहसील स्तर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित करने के लिए संबंधित उपजिलाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में जिला विकास अधिकारी मो. असलम, अधिशासी अभियंता लोनिवि दीपक कुमार, जिला युवा कल्याण अधिकारी रवींद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।



