उत्तराखंड ताज़ा

डीएम का औचक निरीक्षण: सरकारी कार्यालयों में मिली अव्यवस्थाएं, गंदगी पर भड़कीं नितिका खण्डेलवाल

स्वास्थ्य से लेकर सिंचाई और पूर्ति विभाग तक पहुंचीं जिलाधिकारी, रिकॉर्ड दुरुस्त रखने और मूलभूत सुविधाएं सुधारने के दिए सख्त निर्देश

नई टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने मंगलवार को जिले के विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। स्वास्थ्य, श्रम, पूर्ति, उत्तराखंड वन विकास निगम, सिंचाई एवं दुग्ध विभाग के कार्यालयों में पहुंचीं जिलाधिकारी ने अभिलेखों के रख-रखाव, कर्मचारियों की उपस्थिति, साफ-सफाई और भवन व मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। कई स्थानों पर खामियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के सख्त निर्देश दिए।

औषधि भंडार का किया निरीक्षण, सामग्री की सूची चस्पा करने के निर्देश

स्वास्थ्य विभाग के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी राम प्रकाश से विभागीय व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने औषधि भंडार का निरीक्षण कर दवाओं और अन्य सामग्री के रख-रखाव की स्थिति देखी।

जिलाधिकारी ने जी-20 से संबंधित लंबित सामग्री के बेहतर प्रबंधन के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक अलमारी में रखी सामग्री की सूची अनिवार्य रूप से चस्पा की जाए, ताकि आवश्यकता के समय सामग्री को आसानी से चिन्हित किया जा सके।

वन विकास निगम में उपस्थिति पंजिका जांची

उत्तराखंड वन विकास निगम कार्यालय में जिलाधिकारी ने कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण किया। उन्होंने चौकीदार के दोनों पदों के लिए ड्यूटी का समय निर्धारित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय भवन में लटक रहे तारों को व्यवस्थित करने, अंधेरे वाले स्थानों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और पंखों की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा।

पूर्ति विभाग में राशन कार्ड और अभिलेखों की जांच

पूर्ति विभाग में जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी से विभागीय कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने राशन कार्ड से संबंधित कार्य, कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका और विभिन्न पत्रावलियों का निरीक्षण किया।

भवन निर्माण से संबंधित औचित्य प्रमाण पत्र एवं अन्य अभिलेखों की भी जांच की गई। जिलाधिकारी ने सभी अलमारियों में रखे रिकॉर्ड की सूची चस्पा करने और अभिलेखों को व्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।

सिंचाई कार्यालय में सीलन और पानी टपकने की समस्या पर जताई चिंता

सिंचाई खंड प्रथम के निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता विजय पाल ने कार्यालय भवन में सीलन और पानी टपकने की समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने समस्या का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कार्यालय में अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने, प्रत्येक अलमारी में रिकॉर्ड की सूची लगाने तथा परिसर में पड़ी गंदगी को तत्काल हटाने को कहा।

श्रम विभाग में सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था सुधारने के निर्देश

श्रम विभाग के निरीक्षण के दौरान कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए दो होमगार्ड जवान तैनात करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यालय में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

गंदगी और अव्यवस्था पर डीएम ने जताई नाराजगी

औचक निरीक्षण के दौरान कई कार्यालयों और उनके परिसरों में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यालय परिसरों में नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी कार्यालय आमजन से सीधे जुड़े होते हैं। यहां आने वाले लोगों को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण मिलना चाहिए। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने, अभिलेखों का सुव्यवस्थित रख-रखाव करने तथा विद्युत, पेयजल, प्रकाश और भवन संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!