सरस्वती विद्या मंदिर थत्यूड़ में छात्र संसद 2026 का गठन, देवेश पवार बने प्रधानमंत्री, आदर्श रावत सेनापति निर्वाचित
लोकतांत्रिक मतदान प्रक्रिया में छात्रों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, विद्यालय में दिखा उत्साह का माहौल

थत्यूड़। सरस्वती विद्या मंदिर हाई स्कूल थत्यूड़ में बुधवार को छात्र संसद 2026 का गठन लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत संपन्न कराया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित छात्र संसद चुनाव में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक मतदान कर अपने प्रतिनिधियों का चयन किया। पूरे चुनावी आयोजन के दौरान विद्यालय में लोकतंत्र के उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
मतदान के उपरांत हुई मतगणना में देवेश पवार ने 92 मत प्राप्त कर प्रधानमंत्री पद पर शानदार जीत दर्ज की। वहीं आरुष रावत 30 मतों के साथ उप प्रधानमंत्री चुने गए। आदर्श रावत ने 85 मत प्राप्त कर सेनापति पद हासिल किया।
इसी क्रम में हेमंत चमोली 64 मतों के साथ उप सेनापति निर्वाचित हुए। हिमांशु पवार को 72 मत प्राप्त कर सचिव पद की जिम्मेदारी मिली, जबकि अनुष्का रावत 53 मतों के साथ उप सचिव चुनी गईं। आदित्य राणा ने 74 मत प्राप्त कर न्यायाधीश पद पर जीत हासिल की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनदेव सिंह रावत ने कहा कि विद्या भारती की छात्र संसद व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से छात्र-छात्राओं का सर्वांगीण विकास होता है और उनमें भविष्य के नेतृत्व के गुण विकसित होते हैं।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में विजयी छात्रों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। छात्रों ने एक-दूसरे को बधाई देकर उत्सव का माहौल बना दिया।



