अल्पसंख्यक समुदाय की समस्याओं पर मंत्री खजान दास गंभीर, जल्द होगी उच्च स्तरीय बैठक
हरिद्वार दौरे पर डाम कोठी में प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात, मदरसा शिक्षा सहित कई मुद्दे उठे

हरिद्वार, 22 अप्रैल 2026। समाज कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास ने बुधवार को अपने एक दिवसीय हरिद्वार दौरे के दौरान राज्य अतिथि गृह (डाम कोठी) में अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने समुदाय की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।
डाम कोठी पहुंचने पर संबंधित अधिकारियों एवं अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। बैठक में लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिनिधियों ने मंत्री के समक्ष अपना मांग पत्र प्रस्तुत किया। इसमें प्रमुख रूप से मदरसा बोर्ड में धार्मिक शिक्षा को शामिल न किए जाने की मांग उठाई गई। इसके अलावा मदरसों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
मंत्री खजान दास ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रस्तुत मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जल्द ही अल्पसंख्यक समुदाय के वरिष्ठ प्रतिनिधियों, संबंधित विभागों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि सभी शंकाओं का समाधान किया जा सके।
बैठक में अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी इप्सिता रावत, जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, सहायक समाज कल्याण अधिकारी संदीप चौधरी सहित अल्पसंख्यक समुदाय के पदाधिकारी, मौलवी, शिक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



