लालपुल-भुस्सी मार्ग पर पैदल सेतु की लॉन्चिंग, बरसात में सुरक्षित होगी ग्रामीणों की आवाजाही
आपदा में बह गए मोटर पुल के स्थान पर बनेगा पैदल सेतु, विधायक प्रीतम सिंह पंवार और जिलाधिकारी के निर्देश पर शुरू हुआ निर्माण कार्य

थत्यूड़ (टिहरी)। धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के जौनपुर विकासखंड में लालपुल-भुस्सी मोटर मार्ग पर सीतापुर के निकट आपदा में बह चुके मोटर पुल के स्थान पर अब पैदल सेतु का निर्माण किया जाएगा। जिलाधिकारी की स्वीकृति मिलने के बाद शनिवार को सेतु की लॉन्चिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया।
गत वर्ष आई आपदा में मोटर पुल बह जाने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बरसात के मौसम में ग्रामीणों के लिए नदी पार करना जोखिम भरा हो गया था। इस समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग थत्यूड़ से ट्रॉली निर्माण की मांग की थी।
लोक निर्माण विभाग द्वारा तकनीकी परीक्षण के बाद ट्रॉली निर्माण को अनुपयुक्त माना गया और वहां पैदल सेतु निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया। क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार और जिलाधिकारी के निर्देश एवं समर्थन के बाद विभाग ने निर्माण प्रक्रिया को गति दी।
अधिशासी अभियंता राजेंद्र कुमार टम्टा ने बताया कि जिलाधिकारी से स्वीकृति प्राप्त होने के बाद पैदल सेतु की लॉन्चिंग पूरी कर ली गई है। सेतु निर्माण पूर्ण होने पर क्षेत्र के लोगों को विशेष रूप से बरसात के दौरान सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।



