टिहरी गढ़वाल

सुरकंडा देवी पार्किंग निर्माण की सुस्त रफ्तार पर डीएम सख्त, 20 फीसदी प्रगति देख जताई नाराजगी

कद्दूखाल में बहुस्तरीय पार्किंग का किया निरीक्षण, ठेकेदार से मांगी देरी की रिपोर्ट; छह माह की कार्ययोजना एक सप्ताह में प्रस्तुत करने के निर्देश

धनौल्टी (टिहरी गढ़वाल)। मां सुरकंडा देवी मंदिर के निकट कद्दूखाल में निर्माणाधीन बहुस्तरीय वाहन पार्किंग परियोजना की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्माण स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग थत्यूड़ के अधिकारियों ने बताया कि परियोजना की स्वीकृत लागत 8.34 करोड़ रुपये से अधिक है, जबकि अनुबंधित लागत 7.94 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। पार्किंग में 106 वाहनों की क्षमता विकसित की जा रही है और इसे 14 नवंबर 2026 तक पूर्ण किया जाना प्रस्तावित है।

 

स्थल पर केवल 12 श्रमिकों को कार्यरत पाए जाने और परियोजना की भौतिक प्रगति करीब 20 प्रतिशत होने पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा के अनुरूप कार्य की गति संतोषजनक नहीं है और इसमें तत्काल सुधार किया जाना चाहिए।

 

डीएम ने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि ठेकेदार से कार्य में देरी के कारणों की विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त कर एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत की जाए। साथ ही आगामी छह माह की चरणबद्ध कार्ययोजना एवं मासिक प्रगति कार्यक्रम भी तैयार कर उपलब्ध कराया जाए, ताकि परियोजना को तय समय पर पूरा किया जा सके।

 

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यदि कार्य में लापरवाही या अनियमितता पाई गई तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन विकास अधिकारी को भी निर्देशित किया कि परियोजना की प्रत्येक 15 दिन में समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि मां सुरकंडा देवी मंदिर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में शामिल है। पार्किंग सुविधा विकसित होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा क्षेत्र की यातायात व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी। इसलिए परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना आवश्यक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!