थत्यूड

थत्यूड़ व्यापार मंडल सख्त, बाहरी व्यापारियों के पुलिस सत्यापन और रेट लिस्ट अनिवार्य करने का निर्णय

बाजार की सुरक्षा, स्वच्छता और उपभोक्ता हितों को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक, शिव मंदिर में आने वाले साधुओं के सत्यापन की भी उठी मांग

रिपोर्ट –मुकेश रावत 

थत्यूड़ (टिहरी)। व्यापार मंडल थत्यूड़ की आम बैठक मंगलवार को मुख्य बाजार थत्यूड़ में अध्यक्ष अकबीर पंवार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक सुझाव लिए गए। इस दौरान बाजार क्षेत्र की सुरक्षा, स्वच्छता, व्यापारिक व्यवस्थाओं और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि बाजार क्षेत्र में व्यापार कर रहे अन्य राज्यों से आए सभी व्यापारियों को अपना पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराना होगा। साथ ही सभी दुकानदारों को अपनी-अपनी दुकानों में रेट लिस्ट प्रदर्शित करनी होगी, ताकि ग्राहकों को पारदर्शी और बेहतर सेवाएं मिल सकें।

व्यापारियों ने प्राचीन शिव मंदिर थत्यूड़ में बाहरी क्षेत्रों से आने वाले साधुओं के सत्यापन की भी मांग उठाई। उनका कहना था कि कई स्थानों पर साधु के वेश में अपराधी तत्व सक्रिय पाए गए हैं, इसलिए क्षेत्र की सुरक्षा को देखते हुए सत्यापन आवश्यक है।

बैठक में प्राचीन शिव मंदिर तक जाने वाले मार्ग एवं घाट निर्माण कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित प्रस्ताव पारित किए गए। व्यापार मंडल अध्यक्ष अकबीर पंवार ने कहा कि सभी मीट विक्रेताओं को अपनी दुकानों में स्वच्छता बनाए रखने के साथ न्यूनतम मूल्य सूची प्रदर्शित करनी होगी। इसके अलावा हेयर कटिंग व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों को भी साफ-सफाई और रेट लिस्ट लगाने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने खाद्य सामग्री विक्रेताओं से आवश्यक लाइसेंस बनवाने की अपील करते हुए कहा कि सभी व्यापारी नियमों का पालन करें, जिससे उपभोक्ताओं का विश्वास मजबूत हो सके। साथ ही बाजार की सुरक्षा के दृष्टिगत अगलाड़ नदी में चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों की गुणवत्ता पर निगरानी रखने का भी आह्वान किया गया, ताकि स्थायी और मजबूत निर्माण सुनिश्चित हो सके।

व्यापार मंडल अध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा नियमित रूप से सुरक्षाकर्मियों की तैनाती करने की मांग भी की।

बैठक में व्यापार मंडल महामंत्री विक्रम चौहान, उपाध्यक्ष कुलबीर रावत, जगत सिंह असवाल, रामप्रकाश भट्ट, गोविंद सिंह नेगी, मनवीर परमार, आशुतोष पंवार, डॉ. अमर रावत, दिनेश रावत, रोहित बिष्ठ, धीरज रावत, अभिषेक बडियारी, संजीत पंवार, दीपक पंवार सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!