थत्यूड

थत्यूड़ में अब मिलेगी विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवा, सीएमओ ने जारी किए आदेश

हर माह के द्वितीय और चतुर्थ गुरुवार को विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे सेवाएं, दूरस्थ क्षेत्र के मरीजों को मिलेगा लाभ

थत्यूड़/टिहरी गढ़वाल। जौनपुर क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) टिहरी गढ़वाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थत्यूड़ में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। सीएमओ द्वारा 03 जून 2026 को जारी आदेश के अनुसार अब सीएचसी थत्यूड़ में नियमित रूप से विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

सीएमओ कार्यालय से जारी आदेश संख्या-92/2026-27 के तहत फैमिली मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सृष्टि भारती एवं आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. विजय बहुगुणा को प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ गुरुवार को सीएचसी थत्यूड़ में अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। दोनों चिकित्सक वर्तमान में सीएचसी चम्बा में तैनात हैं और अब निर्धारित तिथियों पर थत्यूड़ में भी मरीजों का उपचार करेंगे।

स्वास्थ्य विभाग के इस फैसले से जौनपुर क्षेत्र सहित आसपास के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों के मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब हड्डी रोग एवं सामान्य जटिल स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार के लिए मरीजों को मसूरी या देहरादून की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।

स्वास्थ्य विभाग का यह कदम ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को समय पर उपचार और परामर्श का लाभ मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!