उत्तराखंड ताज़ा

मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने किया बजरंग सेतु व हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण

पर्यटन और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देने के लिए दिए अहम निर्देश

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने गुरुवार को टिहरी गढ़वाल जनपद के तपोवन स्थित बजरंग सेतु और नरेंद्रनगर विकासखंड के प्लास्डा गांव में संचालित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पर्यटन विकास, सुरक्षा मानकों और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने सबसे पहले तपोवन स्थित बजरंग सेतु का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ओम प्रकाश ने उन्हें सेतु की तकनीकी विशेषताओं, इंजीनियरिंग संरचना और निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। मुख्य सचिव ने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया।

 

इसके बाद उन्होंने नरेंद्रनगर ब्लॉक के प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण किया। भोजनालय की संचालक बीना पुंडीर ने मुख्य सचिव को बताया कि यह परियोजना रीप योजना, बैंक ऋण और सीएलएफ के सहयोग से संचालित की जा रही है। उन्होंने भोजनालय में आने वाले पर्यटकों और दैनिक बिक्री की जानकारी भी साझा की।

 

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने भोजनालय परिसर के आसपास अधिक वृक्षारोपण कराने और मेनू को आकर्षक एवं व्यवस्थित ढंग से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय उत्पादों को भी बढ़ावा मिलेगा।

 

मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन और स्वरोजगार से जुड़े ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित कर रही है। स्थानीय स्तर पर विकसित हो रहे इन मॉडलों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को नई गति प्राप्त होगी।

 

निरीक्षण के दौरान सचिव लोक निर्माण विभाग, औद्योगिक विकास, खनन एवं आयुष विभाग डॉ. पंकज कुमार पांडेय, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, तपोवन नगर पंचायत अध्यक्ष विनीता बिष्ट, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिड़ियाल, डीडीओ मोहम्मद असलम, ईओ अंजलि तथा बीडीओ श्रुति वत्स सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!