थत्यूड

थत्यूड़ में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस समारोह, तिरंगे के साथ गूंजा भारत माता की जय का जयघोष

विद्यालयी बच्चों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, गढ़वाली-जौनपुरी से पंजाबी गीतों तक दिखी देश की सांस्कृतिक विविधता

रिपोर्ट–मुकेश रावत

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। जौनपुर ब्लॉक मुख्यालय थत्यूड़ में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को उत्साह, उमंग और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकालकर माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। हाथों में तिरंगा और जुबां पर ‘भारत माता की जय’ के जयघोष के बीच पूरा थत्यूड़ राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस समारोह का विधिवत शुभारंभ किया गया।

समारोह में श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर और किरण ज्योति शिक्षा सदन के छात्र-छात्राओं ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। विद्यार्थियों ने गढ़वाली, जौनसारी, जौनपुरी, हिमाचली और पंजाबी लोकगीतों के साथ हिंदी में देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों को भावविभोर कर दिया।

विद्यार्थियों ने हिंदी और अंग्रेजी में भाषणों के साथ विभिन्न नाटकों का मंचन कर स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रस्तुतियां शुरू होते ही पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अभिभावकों ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कार्यक्रम का आनंद लिया।

समारोह में मुख्य अतिथियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। आज की युवा पीढ़ी का दायित्व है कि वह देश की एकता, अखंडता और विकास में योगदान दे तथा स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करे।

देशभक्ति गीतों, लोकगीतों, भाषणों और नाट्य प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। उत्तराखंड समेत विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृति की झलक ने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देशप्रेम, भारतीय संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

समारोह में सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य कमलेश्वर प्रसाद बडोनी, किरण ज्योति शिक्षा सदन के प्रबंधक डॉ. अरविंद लेखवार, प्रधानाचार्य भगवती प्रसाद लेखवार, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य दिवाकर भट्ट सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, संघ अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!