स्वतंत्रता दिवस पर CM धामी ने खोला घोषणाओं का पिटारा, युवाओं के लिए 7 बड़े ऐलान; पढ़िए क्या मिला तोहफा
परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री ने किया ध्वजारोहण, सात बड़ी घोषणाओं से विकास और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के बाद मुख्यमंत्री ने तिरंगा फहराया और राष्ट्रगान के साथ समारोह का औपचारिक शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, अमर बलिदानियों और देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों को नमन किया। उन्होंने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों एवं आंदोलनकारियों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सीएम धामी ने की सात बड़ी घोषणाएं
स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़ी सात महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें प्रदेश के प्रथम युवा आयोग की स्थापना और चमोली, पौड़ी व अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित करने की घोषणा प्रमुख रही।
उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापित करने के लिए अतिरिक्त सहायता देने की घोषणा की। वहीं वर्ग-3 और वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाकर भूमिधरी अधिकार दिए जाने की बात कही।
प्रधानमंत्री आवास योजना में राज्यांश को 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये करने की घोषणा भी की गई।
युवाओं के लिए शुरू होगी नई स्वरोजगार योजना
मुख्यमंत्री ने 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत आईआईटी और आईआईएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के सहयोग से युवाओं को निश्शुल्क उद्यमिता एवं कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। उद्यम स्थापित करने के लिए बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि सरकार अनुदान के रूप में देगी।
प्रदेश के बहादुर बच्चों के साहस को सम्मान देने के लिए इसी वर्ष से ‘बाल वीरता पुरस्कार’ शुरू करने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की।
आपदा प्रभावित परिवारों के साथ सरकार खड़ी
मुख्यमंत्री ने हाल में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आई प्राकृतिक आपदाओं का उल्लेख करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। राहत एवं बचाव कार्यों के साथ क्षतिग्रस्त सड़क, पुल, पेयजल और विद्युत व्यवस्था को जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उत्तराखंड को 2035 तक विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने वर्ष 2035 तक विकसित उत्तराखंड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सड़क, रेल और रोपवे कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और विभिन्न रोपवे परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है।
केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के पुनर्निर्माण, केदारखंड-मानसखंड मंदिर माला मिशन, ऋषिकेश-हरिद्वार कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर और शीतकालीन यात्रा जैसी योजनाओं को भी उन्होंने राज्य के पर्यटन और अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया।
खेल और रोजगार पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अब धार्मिक पर्यटन के साथ वेलनेस, एडवेंचर टूरिज्म, फिल्म शूटिंग और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी तेजी से उभर रहा है। युवाओं को रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के लिए स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत किया जा रहा है। इसके लिए 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। स्पोर्ट्स लीगेसी प्लान के तहत आठ शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी।
लखपति दीदी से लेकर विज्ञान और नवाचार तक
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है। किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण और कृषि उपकरणों पर 80 प्रतिशत तक सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य की पहली विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार नीति लागू की गई है और देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है।
34 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और उत्तराखंड को विकास, रोजगार, संस्कृति और विरासत के संतुलन के साथ देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है।
समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मेयर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल समेत शासन-प्रशासन के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



