थत्यूड

सीएचसी थत्यूड़ में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी, सीएमओ डॉ. श्याम विजय ने दिए सुधार के निर्देश

जनप्रतिनिधियों ने साफ-सफाई और व्यवस्थाओं की सराहना की, विशेषज्ञ डॉक्टर और अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने की उठी मांग

रिपोर्ट –मुकेश रावत 

थत्यूड़, टिहरी गढ़वाल। विकासखंड जौनपुर मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थत्यूड़ में मंगलवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम विजय ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की ओपीडी, आयुष विंग, औषधि वितरण केंद्र, वैक्सीन भंडारण कक्ष, वार्डों सहित विभिन्न चिकित्सा इकाइयों की व्यवस्थाओं को परखा गया।

निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों के एक शिष्टमंडल ने भी अस्पताल परिसर की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि अस्पताल में इसी प्रकार की स्वच्छता और अनुशासन लगातार बनाए रखा जाना चाहिए। निरीक्षण में अस्पताल के सभी कक्ष निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थित एवं स्वच्छ पाए गए।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम विजय ने कहा कि अस्पताल में आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं सकारात्मक व्यवहार अपनाने को कहा, ताकि मरीज संतुष्ट होकर उपचार प्राप्त कर सकें।

निरीक्षण के दौरान डॉ. श्याम विजय ने अस्पताल में भर्ती एवं उपचार के लिए आए मरीजों से भी बातचीत की और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। मरीजों ने अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता और उपचार व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।

इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य अनीश कुमार, रिटायर्ड कर्मचारी संघ अध्यक्ष खेमराज भट्ट और भाजपा युवा मोर्चा महामंत्री विनोद राणा ने अस्पताल कर्मियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग उठाई। इस पर सीएमओ ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आकाश को निर्देश दिए कि डॉक्टरों एवं कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पद भरने, रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती और अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने की मांग भी रखी। इस पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने आश्वासन दिया कि नए चिकित्सकों की नियुक्ति होने पर उन्हें सीएचसी थत्यूड़ में तैनात किया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की नीति के तहत रेडियोलॉजिस्ट पद सृजित होने पर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा भी शुरू कर दी जाएगी।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आकाश को निर्देश दिए कि प्रत्येक सप्ताह दोपहर दो बजे के बाद समस्त स्टाफ की बैठक आयोजित कर क्षेत्रीय जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर चर्चा की जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल की कमियों एवं आवश्यकताओं की चरणबद्ध तरीके से पहचान कर उनका समाधान किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आकाश, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक फुल दास भारती, सुधीर लेखवार, क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जुन, आशीष रांगड़ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!