थत्यूड

थत्यूड़ में कृष्णा मेडिकल सेंटर का निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 255 मरीजों को मिला उपचार

गैस्ट्रो, यूरोलॉजी, महिला एवं हड्डी रोग विशेषज्ञों ने की जांच, सभी जरूरी जांचें व दवाइयां रहीं पूरी तरह मुफ्त

रिपोर्ट–मुकेश रावत 

थत्यूड़। जौनपुर ब्लॉक मुख्यालय थत्यूड़ में रविवार को कृष्णा मेडिकल सेंटर हॉस्पिटल, देहरादून की ओर से ढाणा रोड के समीप एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के 255 मरीजों ने विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

स्वास्थ्य शिविर में गैस्ट्रो रोग विशेषज्ञ डॉ. सिद्धांत खन्ना, यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. संजीव कुमार गुप्ता, फिजिशियन डॉ. अक्षिता, महिला रोग विशेषज्ञ एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. चेतन गिरोटी ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

शिविर के दौरान ईसीजी, थायरॉयड, लिपिड प्रोफाइल, बीएमडी, एचबीए1सी, शुगर एवं ब्लड प्रेशर जैसी महत्वपूर्ण जांचें पूरी तरह निःशुल्क की गईं। इसके साथ ही जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी मुफ्त वितरित की गईं, जिससे लोगों को काफी राहत मिली।

कृष्णा मेडिकल सेंटर के एडमिन इंचार्ज दीपक थपलियाल ने बताया कि शिविर में ढाई सौ से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से प्रत्येक दो माह में इस तरह के निःशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

उन्होंने यह भी बताया कि कृष्णा मेडिकल सेंटर में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत निःशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही अस्पताल विभिन्न सरकारी पैनलों से जुड़ा हुआ है, जिससे आमजन को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंवर सिंह पवार एवं सामाजिक कार्यकर्ता विनोद राणा ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर अत्यंत उपयोगी हैं और इन्हें नियमित रूप से आयोजित किया जाना चाहिए।

शिविर में जनसंपर्क अधिकारी हरजीत सिंह, फार्मासिस्ट विक्रांत, अशोक बर्तवाल, सूरज, नर्सिंग स्टाफ मेधा, नूपुर, ममता सक्सेना, जानवी, लैब टेक्नीशियन हेमंत, किशोर, संदीप गौड़, बीएमडी टेक्नीशियन अभिषेक व शिवांक सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!