राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में पीजी कक्षाओं की मांग तेज, छात्रसंघ ने उच्च शिक्षा मंत्री से की सीधी बात
नव नियुक्त आठ प्राध्यापकों और प्राचार्य का किया सम्मान, मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जल्द स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरू कराने का दिया आश्वासन

थत्यूड़। राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में शुक्रवार को छात्रसंघ अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार मौर्य सहित महाविद्यालय में हाल ही में नियुक्त आठ प्राध्यापकों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर भव्य स्वागत और सम्मान किया।
सम्मान समारोह के दौरान छात्रसंघ ने क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े सबसे महत्वपूर्ण मुद्दे महाविद्यालय में स्नातकोत्तर (पीजी) कक्षाएं शुरू करने की मांग को प्रमुखता से उठाया। छात्रसंघ पदाधिकारियों ने उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से दूरभाष पर वार्ता कर थत्यूड़ महाविद्यालय में शीघ्र पीजी कक्षाओं का संचालन शुरू कराने का आग्रह किया।
इस पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने छात्रहित को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए आश्वासन दिया कि राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में जल्द ही स्नातकोत्तर कक्षाओं का संचालन शुरू कराया जाएगा, ताकि स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार मौर्य ने बताया कि पीजी कक्षाओं के संचालन के लिए शासन एवं उच्च शिक्षा विभाग को कई बार प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। हाल ही में भी विस्तृत प्रस्ताव प्रेषित किया गया है और विभागीय स्तर पर लगातार पत्राचार किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि शासन स्तर से जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष अकबीर पंवार, जिला उपाध्यक्ष पृथ्वी सिंह रावत, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष दीपेन्द्र रावत, मंडल महामंत्री विनोद राणा, प्रदीप भंडारी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष शुभम सजवाण, पूर्व विश्वविद्यालय प्रतिनिधि सूरज रावत, महासचिव अभिषेक पंवार सहित प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



