थत्यूड़ में विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर बना राहत का केंद्र, दूसरे दिन 300 मरीजों की जांच, दिव्यांग प्रमाणपत्र भी बने
'सेवा, सुशासन एवं समर्पण' अभियान के तहत सीएचसी थत्यूड़ में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य सेवाएं, जरूरतमंदों को दवाइयों के साथ बनाए गए दिव्यांग प्रमाणपत्र

थत्यूड़। ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थत्यूड़ में आयोजित विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का दूसरे दिन भी लोगों को भरपूर लाभ मिला। शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने करीब 300 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराईं।
शिविर के दौरान जरूरतमंद दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई। सीएचसी प्रभारी डॉ. मनीषा भारती ने बताया कि दो दिनों में 11 दिव्यांगजनों के प्रमाणपत्र जारी किए जा चुके हैं, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि शनिवार को भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श और निशुल्क दवा वितरण का कार्य जारी रखेगी। अधिक से अधिक लोगों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की गई है।



