थत्यूड़ में तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर शुरू, 235 मरीजों ने उठाया निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने किया शुभारंभ, आठ विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी जांच, परामर्श, दवाइयां और दिव्यांग प्रमाण पत्र की सुविधा

थत्यूड़। उत्तराखंड सरकार के “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थत्यूड़ में गुरूवार को तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंदन मिश्रा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
शिविर के शुभारंभ के बाद विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने अस्पताल परिसर में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सेवा और सुशासन के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि आम जनता को उनके घर के निकट ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंदन मिश्रा ने बताया कि शिविर के प्रथम दिन आठ विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 235 मरीजों का पंजीकरण कर विभिन्न बीमारियों की जांच, चिकित्सकीय परामर्श तथा निशुल्क दवाइयों का वितरण किया। इसके साथ ही पात्र लाभार्थियों के दिव्यांग प्रमाण पत्र भी बनाए गए।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीषा भारती, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक फूलदास भारती, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल, विनीता रावत, मनवीर नेगी (माही), भीमराज चौहान, ग्राम प्रधान सरस्वती रावत, सरिता नेगी, अर्जुन सिंह, जयप्रकाश नौटियाल, ओपी गौड़, सज्जन सिंह रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



