थत्यूड

हरेला पर्व पर जौनपुर में हरियाली का महाअभियान, विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने किया 500 पौधों के वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ

मसूरी वन प्रभाग की जौनपुर रेंज में अमरूद, बांज, पदम, रीठा व तेजपत्ता सहित 500 पौधे रोपे गए, "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान से जुड़ने का आह्वान

थत्यूड़। उत्तराखंड की लोक परंपरा, पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के प्रतीक हरेला पर्व के शुभारंभ पर गुरुवार को मसूरी वन प्रभाग की जौनपुर रेंज के अंतर्गत “खरका की धार नामे तोक” में विशाल वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने पौधरोपण कर किया।

वन विभाग, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों की सहभागिता से लगभग 500 पौधों का रोपण किया गया। अभियान के तहत अमरूद, तेजपत्ता, बांज, पदम और रीठा जैसी स्थानीय एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस पहल का उद्देश्य हरित आवरण बढ़ाना, जैव विविधता का संरक्षण करना और युवाओं सहित आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।

इस अवसर पर विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि हरेला केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के बिना पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य कभी पूरा नहीं हो सकता।

वन रेंज अधिकारी लतिका उनियाल ने बताया कि हरेला पर्व के अवसर पर जौनपुर रेंज में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना जितना जरूरी है, उनका संरक्षण उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी नागरिकों से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम को जनआंदोलन बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने वन विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए नियमित वृक्षारोपण और लगाए गए पौधों की सुरक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष जौनपुर सुनील थपलियाल, मनवीर माही नेगी, जयपाल कैरवान, जमुना नौटियाल, ग्राम प्रधान सरस्वती देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश बिष्ट, पृथ्वी सिंह रावत, जयप्रकाश नौटियाल, अकवीर पंवार, राजेंद्र कोहली सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। वन विभाग की ओर से अमित सिंह कैंतुरा, प्रमोद प्रसाद बंगवाल, सुरेश कुमार (वन दरोगा), सुशील प्रसाद गौड़, मंजीव, आनंद सिंह, रामलाल लेखवार, गोविंद सिंह, लोकेंद्र सिंह रावत, राहुल मखलोगा एवं कु. प्रियंका सहित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!