थत्यूड़ अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती का मिला आश्वासन, अनिश्चितकालीन धरना समाप्त
गायनोकॉलोजिस्ट, बाल रोग विशेषज्ञ, सर्जन व हड्डी रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति के साथ अल्ट्रासाउंड सुविधा की मांग पर आंदोलन; डिप्टी सीएमओ के लिखित आश्वासन के बाद खत्म हुआ धरना

थत्यूड़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थत्यूड़ में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, रिक्त पदों को भरने, महिला रोग विशेषज्ञ (गायनोकॉलोजिस्ट) की नियुक्ति तथा अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सोमवार को क्षेत्र की जनता और जनप्रतिनिधियों ने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। कांग्रेस युवा मोर्चा की पहल पर आयोजित इस आंदोलन का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमित बड़ियारी ने किया।
धरने में ब्लॉक प्रमुख सीता पवार, पूर्व ज्येष्ठ उपप्रमुख महिपाल सिंह रावत, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामप्रकाश चमोली, विजय सिंह गुसाईं तथा शिक्षाविद चेतन प्रसाद नौटियाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद रिक्त पड़े हैं, जिससे क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। उन्होंने अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच सुविधा शुरू किए जाने की भी मांग उठाई।
धरने की सूचना मिलने पर जिला मुख्यालय से डिप्टी सीएमओ डॉ. बृजेश डोभाल आंदोलन स्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारियों के साथ वार्ता की। इस दौरान उन्होंने लिखित आश्वासन देते हुए कहा कि पीजी प्रशिक्षण पूर्ण कर लौटने वाले चिकित्सकों में से गायनोकॉलोजिस्ट, बाल रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, सर्जन और डेंटिस्ट को प्राथमिकता के आधार पर सीएचसी थत्यूड़ में तैनात किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जब तक स्थायी विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक जिला अस्पताल से विशेषज्ञ डॉक्टर प्रत्येक माह दो दिन सीएचसी थत्यूड़ में अपनी सेवाएं देंगे। इसके अलावा अस्पताल में दो सप्ताह के भीतर सफाई कर्मी की नियुक्ति भी कर दी जाएगी।
डिप्टी सीएमओ के लिखित आश्वासन के बाद जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय जनता ने अपना अनिश्चितकालीन धरना समाप्त करने की घोषणा की।
धरना प्रदर्शन में कांग्रेस युवा मोर्चा अध्यक्ष अमित बड़ियारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य अनीश कुमार, निधि बड़ियारी, लक्ष्मी नौटियाल, दिनेश सिंह रावत, अनिल बधानी, बच्चन सिंह पवार, युद्धवीर, लक्ष्मण कुमार, मुकेश कुमार समेत अनेक लोग मौजूद रहे।



