थत्यूड

नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की… भक्ति में डूबा ब्रह्मसारी

श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, भक्त प्रहलाद और नृसिंह अवतार की कथा का भी हुआ श्रवण

रिपोर्ट — मुकेश रावत

थत्यूड़। विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ के ब्रह्मसारी में चल रही श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के चौथे दिन श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आते ही कथा स्थल भक्तिमय वातावरण में डूब गया। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के साथ भगवान कृष्ण का स्वागत किया।

कथा के दौरान “नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” और “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” जैसे भजनों से पूरा कथा पंडाल गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर उत्साहपूर्वक जयकारे लगाए और वातावरण कृष्णमय हो गया।

इससे पूर्व कथा व्यास आचार्य हिमांशु गैरोला ने भक्त प्रहलाद द्वारा भगवान विष्णु के नाम संकीर्तन और उनके गुणगान का प्रसंग सुनाया। इसके साथ ही भगवान नृसिंह के अवतार और उनके द्वारा हिरण्यकशिपु के वध की कथा का भी विस्तार से श्रवण कराया गया।

कथा व्यास आचार्य हिमांशु गैरोला ने कहा कि जब-जब धरती पर अधर्म और अत्याचार बढ़ता है, तब-तब भगवान किसी न किसी रूप में अवतार लेकर धर्म की स्थापना और संसार के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान की भक्ति और सद्मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कथा यजमान मानवेंद्र सिंह भंडारी, जयप्रकाश भंडारी, पंडित कमल नौटियाल, पूर्व विधायक महावीर सिंह रांगड़, पूर्व प्रमुख कुंवर सिंह पंवार, गौरव तिवारी, महावीर सिंह, सबल सिंह, कुलबीर सिंह भंडारी, वीर सिंह भंडारी, जयवीर भंडारी, नरेंद्र सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!