थत्यूड

राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में छात्रसंघ चुनाव का बिगुल, 29 सितंबर को होगा मतदान

अध्यक्ष समेत सात पदों पर होगा चुनाव, सह-सचिव और कोषाध्यक्ष पद छात्राओं के लिए आरक्षित; 24 सितंबर को नामांकन, मतदान के बाद होगी मतगणना

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में छात्रसंघ निर्वाचन सत्र 2026-27 को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के निर्देशों के तहत महाविद्यालय प्रशासन ने छात्रसंघ चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। अधिसूचना जारी होने के साथ ही महाविद्यालय परिसर में आदर्श आचार संहिता भी प्रभावी हो गई है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. कुँवर सिंह की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार छात्रसंघ के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि और कार्यकारिणी सदस्य के पदों के लिए निर्वाचन कराया जाएगा। सह-सचिव और कोषाध्यक्ष पद छात्राओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं।

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 22 सितंबर को शाम चार बजे चुनाव अधिसूचना जारी की गई। इसके बाद 23 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री होगी। 24 सितंबर को इसी समयावधि में प्रत्याशी नामांकन दाखिल कर सकेंगे।

26 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे से तीन बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और शाम चार बजे वैध प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित की जाएगी।

28 सितंबर को दोपहर 12 बजे प्रत्याशियों की महाविद्यालय प्रशासन के साथ बैठक होगी। इसी दिन दोपहर तीन बजे से मतदान और मतगणना में तैनात अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।

छात्रसंघ चुनाव के लिए 29 सितंबर को सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर दो बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना पूरी होने के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे और नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।

महाविद्यालय प्रशासन ने सभी छात्र-छात्राओं से चुनाव प्रक्रिया में शांतिपूर्ण, अनुशासित और लोकतांत्रिक तरीके से सहभागिता करने की अपील की है। साथ ही प्रत्याशियों और विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय द्वारा निर्धारित निर्वाचन नियमों और आदर्श आचार संहिता का पालन करने को कहा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!