विश्वकर्मा दिवस पर 33 केवी सब स्टेशन में हुआ हवन-पूजन
अवर अभियंता विजय रतूड़ी के नेतृत्व में विद्युत कर्मियों ने की पूजा-अर्चना, बाजार क्षेत्र के लिए अलग फीडर की उठी मांग

रिपोर्ट –मुकेश रावत
थत्यूड़। विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर थत्यूड़ स्थित 33 केवी विद्युत सब स्टेशन में विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं हवन-यज्ञ किया। कार्यक्रम का आयोजन अवर अभियंता विजय रतूड़ी के नेतृत्व में किया गया। पंडित घनश्याम लेखवार ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना और हवन संपन्न कराया। इसके बाद आरती कर प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर अवर अभियंता विजय रतूड़ी ने कहा कि 33 केवी सब स्टेशन कुछ वर्ष पूर्व आई आपदा में क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके कारण विभाग को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में बाजार क्षेत्र के नजदीक उपयुक्त भूमि उपलब्ध होती है तो सब स्टेशन को अधिक सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है। वहीं, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील भट्ट ने बाजार क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को और बेहतर बनाने के लिए अलग फीडर की मांग रखी।
कार्यक्रम में टैक्सी यूनियन अध्यक्ष संजय गौड़ सहित विद्युत विभाग के कर्मचारी जयराज मियां, पपेंद्र रावत, गुलाब सिंह, ओम प्रकाश, मगन दास, अरविंद आदि मौजूद रहे।



