थत्यूड

टिहरी के सैंजी में तैयार हो रहा ‘कॉर्न विलेज’, सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने खेतों में पहुंचकर परखी स्वीट कॉर्न की फसल

8 गांवों के किसानों को मिले उन्नत बीज और तकनीकी सहयोग, आय बढ़ाने के लिए घेरबाड़ व मक्का थ्रेशर उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। जिले के विकासखंड जौनपुर स्थित ग्राम सैंजी में कृषि विभाग द्वारा विकसित किए जा रहे कॉर्न विलेज का शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों के खेतों में पहुंचकर तैयार हो रही स्वीट कॉर्न की फसल का जायजा लिया और किसानों से उत्पादन, खेती की तकनीक तथा उनकी जरूरतों पर विस्तार से चर्चा की।

मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी ने बताया कि ग्राम सैंजी सहित आसपास के आठ गांवों के किसानों को खरीफ सीजन के लिए स्वीट कॉर्न, हाइब्रिड मक्का तथा राजमा/बीन्स के उन्नत बीज उपलब्ध कराए गए हैं। किसानों की मांग के अनुसार कृषि विभाग ने आधुनिक बीजों के साथ आवश्यक कृषि दवाइयां भी उपलब्ध कराई हैं। साथ ही कृषि अधिकारियों द्वारा समय-समय पर खेतों में पहुंचकर तकनीकी मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

ग्राम प्रधान कुसुम रावत ने बताया कि योजना शुरू होने से पहले किसानों के साथ कई जागरूकता गोष्ठियां आयोजित की गईं। किसानों की मांग के अनुसार बीज और अन्य कृषि सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे क्षेत्र के किसानों में स्वीट कॉर्न की खेती के प्रति उत्साह बढ़ा है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों और कृषि विभाग के प्रयासों की सराहना की। ग्रामीणों ने अपने खेतों में तैयार हुई स्वीट कॉर्न की फसल का स्वाद भी अधिकारियों को चखाया।

सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने किसानों की आय में वृद्धि और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के उद्देश्य से खेतों की घेरबाड़ कराने तथा किसान समूहों को मक्का थ्रेशर उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इस अवसर पर प्रमुख क्षेत्र पंचायत जौनपुर सीता पंवार, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी सचिन कुमार, खंड विकास अधिकारी जौनपुर अर्जुन, कृषि एवं ग्राम विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान एवं महिलाएं मौजूद रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!