उत्तराखंड ताज़ा

एमडीडीए का बड़ा एक्शन: 4 बीघा की अवैध कॉलोनी ध्वस्त, पांच मंजिला अवैध भवन सील

देहरादून और ऋषिकेश में बिना स्वीकृति चल रहे निर्माण पर सख्ती, एमडीडीए बोला- नियम तोड़ने वालों पर आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध प्लाटिंग और बिना स्वीकृत मानचित्र के हो रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने देहरादून में करीब चार बीघा क्षेत्र में विकसित की जा रही अनधिकृत कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया, जबकि ऋषिकेश के गुमानीवाला क्षेत्र में बिना स्वीकृति बनाए जा रहे पांच मंजिला भवन को सील कर दिया।

एमडीडीए के अनुसार सोनिया विहार, नवादा रोड स्थित करीब चार बीघा भूमि पर बिना स्वीकृत लेआउट के प्लाटिंग और डिमार्केशन कराया जा रहा था। जांच में अनियमितता मिलने के बाद उत्तराखंड नगर एवं ग्राम नियोजन तथा विकास अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए पूरी अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।

इसी क्रम में ऋषिकेश के नेगी मोहल्ला, गुमानीवाला में बिना स्वीकृत मानचित्र के भूतल से चौथी मंजिल तक निर्माणाधीन भवन पर भी कार्रवाई की गई। नोटिस के बावजूद संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एमडीडीए ने पूरे भवन को सील कर दिया।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि शहर में सुनियोजित और सुरक्षित विकास सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। बिना स्वीकृति के प्लाटिंग और निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

वहीं, सचिव मोहन सिंह बर्निया ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी भूखंड की खरीद या भवन निर्माण से पहले एमडीडीए से मानचित्र और स्वीकृति की पुष्टि अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!