Blogउत्तराखंड ताज़ा

टिहरी में जनता दरबार: 51 शिकायतों पर डीएम सख्त, समयबद्ध निस्तारण के दिए कड़े निर्देश

अतिक्रमण, पेयजल, स्वास्थ्य और आवंटन विवाद प्रमुख मुद्दे; अधिकारियों को सीधे शिकायतकर्ताओं से संपर्क के निर्देश

टिहरी गढ़वाल, 27 अप्रैल।
जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दरबार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल सख्त नजर आईं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने 51 से अधिक शिकायतें डीएम के समक्ष रखीं, जिन पर उन्होंने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि जन समस्याओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों में शासन स्तर पर कार्यवाही अपेक्षित है, उन्हें तय समयसीमा में पूरा कर शिकायतकर्ता को भी इसकी सूचना देना अनिवार्य होगा।

जनता दरबार में कई गंभीर मामले सामने आए। केमसारी टिन शेड निवासी छटांगी देवी ने अपने आवंटित टिन शेड पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जिस पर डीएम ने एसडीएम टिहरी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं बौराड़ी निवासी राय सिंह नेगी ने पड़ोसी द्वारा सीढ़ी निर्माण से उत्पन्न विवाद उठाया, इस पर भी जांच के आदेश दिए गए।

स्वास्थ्य संबंधी समस्या भी जनता दरबार में प्रमुख रही। नरेंद्रनगर के भिन्नू गांव की सीमा देवी ने हार्ट व किडनी की गंभीर बीमारी के चलते उपचार के लिए देहरादून जाने में आ रही दिक्कत बताई, जिस पर डीएम ने एडीएम को तत्काल सहायता सुनिश्चित करने को कहा।

चम्बा-आराकोट क्षेत्र के ग्रामीणों ने पेयजल संकट उठाया, जिस पर जल संस्थान को तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए। वहीं बौराड़ी बस स्टैंड निवासी जगदम्बा प्रसाद पाण्डेय ने 2011 में दुकान आवंटन के बावजूद स्टोर न मिलने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुनर्वास विभाग को जांच सौंपी गई।

डीएम ने सीएम हेल्पलाइन और समाधान पोर्टल की शिकायतों पर भी सख्ती दिखाई और अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सीधे शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही सभी विभागों को 30 अप्रैल तक अपना वार्षिक कार्य कैलेंडर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

जनता दरबार में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एडीएम शैलेंद्र नेगी, एसडीएम कमलेश मेहता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!