टिहरी में जनता दरबार: डीएम नितिका खंडेलवाल ने सुनीं 37 शिकायतें, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
पैतृक भूमि के सीमांकन से लेकर दुकान के रास्ते में अतिक्रमण और दिव्यांग की बैंकिंग समस्या तक उठे मामले, डीएम ने संबंधित विभागों को कार्रवाई के दिए निर्देश।

टिहरी गढ़वाल, 2 नवंबर। नई टिहरी स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित किया गया। इसमें लोगों ने विभिन्न समस्याओं और मांगों से संबंधित कुल 37 शिकायतें दर्ज कराईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर समाधान किया जाए। जिन मामलों का निस्तारण हो चुका है, उन्हें तत्काल संबंधित पोर्टल पर अपडेट किया जाए। जिला योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने समय पर धनराशि खर्च करने और बकाया धनराशि के आवंटन के लिए मांगपत्र उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
पैतृक भूमि के सीमांकन के निर्देश
तहसील कंडीसौड़ के ग्राम कन्स्यूड़ निवासी सुंदर सिंह ने अपनी पैतृक भूमि का सही तरीके से सीमांकन कराने की मांग उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम टिहरी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बौराड़ी बस अड्डे पर खोखा आवंटन का मामला
बौराड़ी निवासी फगण सिंह और सोवन सिंह ने बस अड्डे पर खोखा आवंटित करने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने प्रभारी अधिकारी पुनर्वास को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सड़क का पानी मकान की ओर आने से खतरा
ग्राम कोटी, थाती बूढ़ाकेदार निवासी सत्यवीर सिंह रावत ने झाला-कोटी सड़क से जुड़ी समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई गई सड़क का ढलान उनके मकान की ओर होने के कारण नहर और बारिश का पानी सड़क से होकर घर की तरफ बहता है। इससे मकान में दरारें पड़ गई हैं और भवन को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, घनसाली को तत्काल उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
दुकान के आगे रास्ता रोकने की शिकायत
नई टिहरी के ओपन मार्केट, बौराड़ी निवासी जसवंत सिंह रावत ने अपनी दुकान के आगे आम रास्ते पर साड़ियां टांगकर आवागमन बाधित करने और दुकान को ढकने की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम टिहरी और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
दिव्यांग व्यक्ति को बैंकिंग सुविधाएं दिलाने के निर्देश
तहसील टिहरी के ग्राम स्वाड़ी निवासी अनिल सुयाल ने बताया कि वह शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं। फिंगरप्रिंट की समस्या के कारण बैंक में केवाईसी पूरी नहीं हो पा रही है, जिससे उन्हें किसान सम्मान निधि और अन्य बैंकिंग सुविधाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है। जिलाधिकारी ने इस मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी और जिला समाज कल्याण अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



