उत्तराखंड

उत्तराखंड में 22.15 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी, सड़क-नाली से लेकर मंदिरों के सौंदर्यीकरण तक होंगे काम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 26 विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए दी वित्तीय स्वीकृति को मंजूरी, देहरादून, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, टिहरी समेत कई जिलों को मिलेगा लाभ

देहरादून। उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में 26 विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए कुल 22 करोड़ 15 लाख 32 हजार रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति का अनुमोदन प्रदान किया है। इन योजनाओं के तहत सड़क और नाली निर्माण, सुरक्षात्मक कार्य, पेयजल सुविधाओं के विस्तार, मंदिरों एवं मेला स्थलों के सौंदर्यीकरण, तारबाड़ और विद्युत व्यवस्था से जुड़े कार्य किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, बिजली और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और उन्हें निर्धारित समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

देहरादून के मसूरी विधानसभा क्षेत्र को 8.96 करोड़ रुपये

देहरादून जिले के मसूरी विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए करीब 8.96 करोड़ रुपये की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है। इसके अंतर्गत आरकेडिया के मिठ्ठी बेहड़ी, कैनाल रोड जाखन, मालसी, गढ़ी कैंट, नागेश्वर, संजय विहार, टपकेश्वर, रोजपुर रोड, दून विहार, डोभालवाला, घोरणखास, किशननगर और विजय कॉलोनी में आंतरिक सड़कों, नालियों तथा सुरक्षात्मक कार्यों को मंजूरी दी गई है।

पिथौरागढ़ में चार विकास कार्यों पर खर्च होंगे 3.44 करोड़

पिथौरागढ़ जिले में चार कार्यों के लिए करीब 3.44 करोड़ रुपये की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है। इनमें डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम सभा लीमा टोडा में सीसी मार्ग निर्माण, धारचूला के गटघोरगाड़ी में नौलिंग मेला स्थल का निर्माण, विण विकासखंड की ग्राम सभा उपरतोला में आंतरिक मार्ग निर्माण तथा खोलीमाली कन्यूरी में खड़ंजा, सीसी मार्ग, पुलिया और सुरक्षात्मक कार्य शामिल हैं।

अल्मोड़ा में तारबाड़ और मंदिर का होगा सौंदर्यीकरण

अल्मोड़ा जिले में सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ताकुला मंडल में सूअर रोधक तारबाड़ के लिए 45.63 लाख रुपये और जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में दन्या के पास सिद्धेश्वर मंदिर उधाण के सौंदर्यीकरण के लिए 97.08 लाख रुपये की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है। मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 58.248 लाख रुपये की पहली किस्त का शासनादेश भी जारी किया गया है।

चम्पावत के मंदिरों और मेला स्थलों को मिलेगी नई पहचान

चम्पावत जिले में भगोलेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 25 लाख रुपये, ग्राम पंचायत खटोली के भगवती मेला स्थल के लिए 50 लाख रुपये और ग्राम पंचायत बुगाख्याली के भागेश्वर मेला स्थल के लिए 25 लाख रुपये की स्वीकृति संबंधी शासनादेश जारी किए गए हैं।

इसके अलावा लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ठांटा में ऐतिहासिक दूधाधारी भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण, दर्शक दीर्घा और ध्यान केंद्र के निर्माण के लिए 97.10 लाख रुपये की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है।

टिहरी में चौकी महादेव शिवालय का होगा विकास

टिहरी गढ़वाल जिले के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के कीर्तिनगर विकासखंड स्थित चौकी महादेव शिवालय के सौंदर्यीकरण के लिए 67.87 लाख रुपये की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है। इससे धार्मिक स्थल के विकास और सुविधाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा।

हरिद्वार में लगेंगे 100 नए हैंडपंप

हरिद्वार जिले में ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में 50 हैंडपंप लगाने हेतु 99.44 लाख रुपये और लक्सर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में 50 हैंडपंप स्थापित करने के लिए 1 करोड़ 23 लाख 46 हजार रुपये की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधाओं के विस्तार में मदद मिलेगी।

कोटद्वार में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर 3.44 करोड़

पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था विकसित करने के लिए विद्युत पोल लगाने, लाइन निर्माण और लाइन शिफ्टिंग के कार्यों हेतु 3 करोड़ 44 लाख 4 हजार रुपये की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!